
राष्ट्र पटल संवाद
जसवंतनगर (इटावा)। राष्ट्र सेविका समिति के सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह सोमवार को सम्पन्न हो गया। यह प्रशिक्षण वर्ग प्रियांशी संस्कार वैली स्कूल लुधपुरा में 18 मई से आयोजित किया जा रहा था। समापन समारोह में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं नारी शक्ति का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. प्रवजना पूर्वांल ने की। वर्गाधिकारी अर्चना मिश्रा ने वर्ग का वृत्त प्रस्तुत करते हुए सात दिनों तक चले प्रशिक्षण एवं गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता माननीय शारदा पांडे ने सेविका बहनों को पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा में मातृ शक्ति का योगदान सदैव अभूतपूर्व रहा है।
समारोह में सेविका बहनों ने वर्ग में सीखे गए गण समता, योगचाप, योगासन, दंड, यष्टि एवं नियुद्ध आदि का आकर्षक प्रदर्शन किया। उनके अनुशासन एवं दक्षता ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जानकी दीक्षित, जिला संपर्क प्रमुख द्वारा किया गया। जिला कार्यवाहिका ममता शर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। विभाग कार्यवाहिका संगीता ने समापन की घोषणा की।
इस अवसर पर जसवंतनगर खंड कार्यवाहिका भारती पाठक, नगर बौद्धिक प्रमुख नंदिनी अरुण, विभाग सेवा प्रमुख सीमा एवं औरैया की सह खंड कार्यवाहिका ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह में विभाग संघ चालक विनोद चंद्र पांडे, विभाग सह संघ चालक रामनरेश शर्मा तथा ब्राह्मण महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






