
राष्ट्र पटल संवाद
जसवंतनगर (इटावा)। गर्मी के मौसम में नहर और झाल पर बढ़ रही भीड़ तथा डूबने की आशंका को देखते हुए सीओ के नेतृत्व में बलरई थाना पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। सीओ आयुषी के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बलरई कृपाल सिंह ने भोगनीपुर गंग नहर और खारजा झाल समेत उन स्थानों पर चेतावनी संबंधी बैनर लगवाए गए हैं, जहां स्थानीय और बाहरी लोग स्नान करने पहुंचते हैं और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
पुलिस ने सरकारी वाहन में लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से क्षेत्र के पीहरपुर, नगला तौर, घुरा, जाखन, बहादुरपुर, नसीरपुर, नगला रामसुंदर, बलरई, कोकाबली, अंडावली, कीरतपुर और सरामई,नगला सलहदी सहित आसपास के गांवों में भ्रमण कर लोगों को जागरूक किया। सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को बताया गया कि नहर और झाल में स्नान करना खतरनाक है तथा तेज बहाव के कारण कभी भी हादसा हो सकता है।
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि इन दिनों नहर और खारजा झाल में पानी का स्तर अधिक है। ऐसे में लोगों को अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नहर और झाल में स्नान करने से बचना चाहिए। पुलिस द्वारा लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।






