राष्ट्र पटल संवाद
बकेवर (इटावा)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा घोषित पदक सूची में जनता कॉलेज, बकेवर के कृषि संकाय ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा का परिचय दिया है। कॉलेज के कृषि संकाय के स्नातकोत्तर (एम.एससी. कृषि) छात्र मोहम्मद आसिफ को विश्वविद्यालय की कृषि संकाय की स्नातकोत्तर परीक्षा परिणाम सत्र में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर कुलाधिपति कांस्य पदक के लिए चयनित किया गया है। मोहम्मद आसिफ ने 1300 अंकों में से 1117 अंक प्राप्त कर 85.92 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं। यह उपलब्धि न केवल छात्र के लिए बल्कि कॉलेज और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर कालेज परिवार में हर्ष का वातावरण है। कालेज के प्राचार्य प्रो. राजेश किशोर त्रिपाठी ने मोहम्मद आसिफ को इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






