1783435138441
  • जनपद औरैया के कस्बा अछल्दा के मोहल्ला हरीगंज बाजार से आई थी बारात

  • कन्या पक्ष कानपुर नगर के रावतपुर से इटावा शादी के लिए गेस्ट हाऊस पंहुचे थे

राष्ट्र पटल संवाद 

इटावा। शहर के आईटीआई चौराहे के पास स्थित होटल अतिथि विलेज फूड में सोमवार शाम एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन ने अचानक शादी करने से साफ इनकार कर दिया। देखते ही देखते खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई।

जानकारी के अनुसार जिला औरैया के कस्बा अछल्दा के मोहल्ला हरीगंज बाजार से सोमवार को बारात इटावा स्थित होटल अतिथि विलेज फूड पहुंची थी। दिनभर पारंपरिक रीति-रिवाज और विवाह की अन्य रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हुईं। शाम को जयमाला कार्यक्रम भी हंसी-खुशी पूरा हो गया। लेकिन इसके कुछ देर बाद, जब फेरे की तैयारी शुरू हुई, तभी दुल्हन ने सभी को चौंकाते हुए शादी करने से मना कर दिया।

बताया जाता है कि दुल्हन कानपुर नगर के रावतपुर क्षेत्र की रहने वाली है। परिजनों ने उसे काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस युवक से विवाह नहीं करेगी। दुल्हन के इस फैसले से दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और विवाह समारोह विवाद में बदल गया।

हंगामे की सूचना मिलने पर आईटीआई चौकी पुलिस तत्काल होटल पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले को समझने के बाद आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया। देर रात तक दोनों परिवारों के बीच वार्ता चलती रही।

थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों से बातचीत कराई गई। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त होती है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *