September 12, 2026
IMG-20260225-WA0262

ब्रज की लट्ठमार होली बनेगी आकर्षण का केंद्र, वातावरण में घुलेगी अबीर-गुलाल व इत्र की खुशबू

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा । श्री जी लाडले परिवार के तत्वाधान में होली के उपलक्ष्य में 28 फरवरी को श्री राधा श्याम सुंदर की भव्य रथ यात्रा हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी। यात्रा में संकीर्तन के साथ होली का उत्साह भी देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि इस बार यात्रा के दौरान ब्रज के कलाकारों द्वारा शहर की सड़कों पर यात्रा के लट्ठमार होली की छटा भी देखने को मिलेगी तथा इत्र और अबीर-गुलाल की खुशबू भी वातावरण में घुलेगी।

बुधवार को छैराहा स्थित श्री राधावल्लभ मंदिर पर यात्रा के आयोजकों ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस बार होली के उपलक्ष्य में 7 वीं श्री राधा श्याम सुंदर की भव्य रथ यात्रा शनिवार को निकाली जा रही है। यात्रा का शुभारंभ सुबह आठ बजे रामलीला मैदान से नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ठाकुर जी की आरती उतारकर करेंगी। यात्रा में वृंदावन के रसिक और सखियां भी शामिल होंगी। यात्रा गाड़ीपुरा चौराहा, बल्देव चौराहा, नगर पालिका चौराहा, राजागंज चौराहा, पचराहा होते हुए पुन: छैराहा स्थित श्री राधावल्लभ मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी। यहां पर ठाकुर जी की आरती उतारी जाएगी और अबीर गुलाल की छटाओं के बीच पूज्य प्रेमानंद जी महाराज के शिष्य हित आशीष व हित प्रदीप के द्वारा संकीर्तन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि यात्रा में फूलों से सजे रथ पर श्री राधा श्याम सुंदर विराजमान रहेंगे और उन पर तोप के द्वारा फूलों की वर्षा भी की जाएगी। इस बार रथ यात्रा में ब्रज की लट्ठमार होली लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।

आयोजकों ने नगर वासियों से यात्रा का पुष्प वर्षा व आरती पूजन कर स्वागत करने के साथ यात्रा में शामिल होने की अपील की है। अक्षय भदौरिया, बंटी चौरसिया, प्रदीप, सुमित यादव, अंकित, रोहित, प्रथम शर्मा, प्रदीप यादव, गिरिराज, सनी यादव, रवि परमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *