September 12, 2026
IMG-20260508-WA0186

जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक बैठक में जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत व्यय प्रतिशत 27.85 प्रतिशत है। इस योजना के तहत 15 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के अशिक्षित वयस्कों को बुनियादी शिक्षा, संख्यात्मक ज्ञान एवं जीवन कौशल शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि अशिक्षित व्यक्तियों का चिन्हांकन कर व्यापक सर्वे कराया जाए तथा संख्या बढ़ाने हेतु कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

स्कूल चलो अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 13,062 नए प्रवेश हुए हैं। जिलाधिकारी ने ऐसे विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां शून्य अथवा अत्यंत कम प्रवेश हुए हैं। जसवंतनगर क्षेत्र में 181 विद्यालयों में से लगभग 100 विद्यालयों में 10 से कम प्रवेश होने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी को सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार भरथना क्षेत्र में 193 विद्यालयों में से 2 विद्यालयों में शून्य प्रवेश पाए जाने पर कारणों का विश्लेषण करने को कहा गया।

बैठक में बताया गया कि सपोर्टिंग सुपरविजन के अंतर्गत एसआरजी की प्रगति 100 प्रतिशत तथा डायट मेंटर्स की प्रगति 68 प्रतिशत है। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां विशेष प्रयास कर कार्य में तेजी लाई जाए।

कक्षा-1 हेतु संचालित स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम 1222 विद्यालयों में संचालित है, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं कक्षा-1 के शिक्षक संयुक्त रूप से सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की जाए तथा जिन विद्यालयों में 100 प्रतिशत निपुण लक्ष्य प्राप्त हुआ है, वहां के शिक्षकों को सम्मानित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में प्राथमिकता नए प्रवेश बढ़ाने पर होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम श्री विद्यालयों की भारत सरकार द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है। जनपद में संचालित 15 पीएम श्री विद्यालयों की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

बैठक मे जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थिति रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *