
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। आज़ादी एवं सामाजिक आंदोलन का प्रमुख केंद्र रहे ग्राम लोहिया में भारत यात्रा अभियान के तहत “चम्बल घाटी में जननायक चंद्रशेखर जन्मशती समारोह” की कड़ी में शुक्रवार को प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया जी की पुण्य तिथि पर उनके समाधि स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ श्रद्धांजलि देकर जिले के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया और भारत के महान समाजवादी नेताओं के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई।
भारत यात्रा के अध्यक्ष और जननायक चंद्रशेखर जी के साथी रहे सुधींद्र भदौरिया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि लोहिया ग्राम की यह पावन भूमि आजादी के आंदोलन तथा उसके बाद आजाद भारत में भी अनेक सामाजिक आंदोलन का प्रमुख केंद्र रही, जहां जयप्रकाशजी, डा. राम मनोहर लोहिया, महान महिला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अरुणा आसफ अली, मधु लिमए, जॉर्ज फर्नाडीज जैसे देश के महान समाजवादी नेता कई बार आते रहे, और हमारे सेनानी पिताश्री अर्जुन सिंह भदौरियाजी के साथ देश के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा करते थे। पूर्व प्रधान मंत्री एवं जननायक की छवि रखने वाले चंद्रशेखर जी भी कई बार इस पावन भूमि पर आए। और जब 1983 में उन्होंने भारत यात्रा आरम्भ की, तब मैं भी उस पद यात्रा में उनके साथ रहा। और आज उसी कड़ी में जननायक चंद्रशेखर जी जन्मशती समारोह के अंतर्गत नई पीढ़ी को ऐसे राष्ट्रनायकों के जीवन चरित से अवगत कराने हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बाबूजी के साथी रहे जनपद इटावा के अनेक वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं, जिनमें खादिम अब्बास, गणेश ज्ञानार्थी, सुधीर मिश्र, शिक्षिका मिथिलेश कुमारी, राजवीर सिंह, सेनानी अंगद सिंह के पुत्र दिनेश सिंह, कनौजी लाल आचार्य, शिववीर सिंह प्रधान, प्रेम चंद पुजारी को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता डा. जय चंद्र भदौरिया ने कहा कि लोहिया ग्राम की यह पावन भूमि बहुत ही दुर्लभ स्थान रहा है, जहां कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया से लेकर चंद्रशेखर जी मुलायम सिंह यादव और हमारे जैसे अनेक राजनैतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आकर इस मिट्टी से तिलक करके अपने को धन्य किया है।
इस अवसर पर खादिम अब्बास और गणेश ज्ञानार्थी ने भी कमांडर साहब तथा यहां आने वाले देश के सभी बड़े समाजवादी नेताओं के व्यक्तित्व और कृतित्व का भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आए अनेक लोगों ने भी समता समाधिस्थल पर पुष्पार्पण कर कविताओं, गीतों, फाग आदि गायन कर भारत यात्रा के ” एक प्रयास, जन जन में जागे विश्वास ” अभियान को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
इससे पूर्व समाधि स्थल पर अमर सेनानी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया को पुलिस गारद की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
कार्यक्रम में दफेदार सिंह, मास्टर राजवीर सिंह, सिद्धार्थ भदौरिया, संजय सिंह चौहान, प्रदीप कुमार, प्रकाश बाबू, सुरेश कुमार, कृष्णा भदौरिया आदि मौजूद रहे।






