ग्राम में पंचायत कर मृतक के परिजनों को 25 लाख का मुआवजे की मांग
राष्ट्र पटल संवाद
ताखा (इटावा)। ब्लॉक क्षेत्र के गांव नारायण पुरा पहुंचे किसान सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष नाथूराम यादव ने बताया कि आसपास के इलाके में छुट्टा घूमते सांड आये दिन हादसों का कारण बनते है। इनकी वजह से दुर्घटनाएं होना आम बात है। जब कोई दुर्घटना हो जाती है और मीडिया में इसकी खबर छपती है तभी प्रशासन हरकत में आता है। नारायणपुर गांव में राकेश कुमार की हुई मौत के पीछे सांड द्वारा उन पर हमला किया जाना बताया गया है। आवारा गोवंश से जनता कितनी परेशान है इसका अंदाजा क्षेत्र के गांवों में जाकर स्थिति देखने से लगाया जा सकता है।
गांव-गांव अपनी मवेशियों की रक्षा इन सांडो से करने के लिए किसानों ने अपने दरवाजों पर बांस बल्ले बांधकर बाड़े लगा रखे है जरा सी चूक होने पर ये सांड किसानों के मवेशियों को घायल करते हैं और गायों, भैंसों के गर्भ को खराब कर देते हैं। इन्हीं किसानों की फसलें खाकर यह मोटे तगड़े अलग-अलग प्रजातियों के सांड क्षेत्र की जनता के लिए भारी मुसीबत और जानलेवा बने हुए हैं।
किसान सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष नाथूराम यादव ने इन सांडो तथा अन्य आवारा गोवंश को तुरंत पकड़ कर गौशालाओं में भेजने की मांग की है ।अगर इस पर प्रशासन द्वारा जल्द कार्रवाई न की गई तो किसान सभा किसानों के साथ मिलकर इन आवारा गोवंश को घेर कर तहसील और ब्लॉक कार्यालय में ले जाएगी। उन्होंने नारायणपुर में राकेश कुमार के शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनको सांत्वना दी और सरकार से 25 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की। किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष वैद्य विश्राम सिंह व संयुक्त मंत्री शिव बचन सिंह (बच्चू) और ताखा मंडल के मंत्री अजीत प्रताप सिंह के अलावा कई किसान और ग्रामीण उनके साथ रहे।






