
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। सुदिति ग्लोबल एकेडमी में मदर्स डे के उपलक्ष्य में “सुपर मॉम” कार्यक्रम का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों में खेल-खेल के माध्यम से शैक्षिक अभिरुचि, नैतिक मूल्यों तथा पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम का उद्घाटन विद्यालय के प्रबंधक सतीश कुमार एवं प्रधानाचार्य कमल कुमार द्वारा किया गया।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती मालती देवी तथा गर्ल्स विंग निदेशक डॉ निधि मैम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अतिथियों एवं माताओं का तिलक एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।इसके पश्चात नर्सरी से यूकेजी तक के छात्र-छात्राओं की माताओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल एवं रोचक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की दैनिक दिनचर्या, उनके प्रति माताओं की जिम्मेदारियों एवं कार्यशैली पर भी सार्थक चर्चा हुई।
नर्सरी वर्ग की माताओं के लिए “अपना बच्चा पहचानो” तथा “मॉम एंड किड रेस”, एलकेजी छात्र/छात्राओं की माताओं के लिए “पेपर फोल्ड”, “शार्प द पेन्सिल डस्ट” एवं “बलून चैलेंज” जैसे खेल आयोजित किए गए।वहीं यूकेजी वर्ग की माताओं ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।सभी प्रतिभागियों ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।कार्यक्रम का सफल संचालन किंडरगार्टन विंग की एचएम कंचन सक्सेना एवं किंडरगार्टन की समस्त शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कमल कुमार ने सभी माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों एवं अभिभावकों के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ उनमें शैक्षिक एवं नैतिक जागरूकता उत्पन्न करते हैं।अंत में उन्होंने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





