
राष्ट्र पटल संवाद
उदी (इटावा)। विश्व कछुआ दिवस 2026 के अवसर पर सामाजिक वानिकी प्रभाग इटावा, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति इटावा के संयुक्त तत्वाधान में बढ़पुरा विकास खंड के ग्राम अवारी में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ जनसेवक दीपक ठाकुर द्रारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि कछुए मानव के लिए प्रकृति प्रदत्त विशेष उपहार है जो प्राकृतिक जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में एक महत्वपूर्ण दायित्व अदा करता है। इसके संरक्षण के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करना होगा l
वरिष्ठ समाज सेवक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि विश्व कछुआ दिवस प्रत्येक वर्ष 23 मई को सम्पूर्ण विश्व में मनाया जाता है। इसे मनाने का उद्देश्य लोगों का ध्यान कछुओं की तरफ आकर्षित करने और उन्हें बचाने के लिए किए जाने वाले मानवीय प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
समाज सेवी राजू सिंह ने कहा कि कछुए नदियों के जल को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते है। कछुए जहाँ एक ओर सड़ी-गली लाशो को खाकर खत्म करते है। वही दूसरी ओर पानी मे पैदा होने वाले हरित शैवाल को खाकर नदियों के जल के प्रदूषण को कम कर देते है।
डीपीओ नमामि गंगे संजीव चौहान ने बताया कि हिंदू धर्म में कछुओं को भगवान विष्णु के बारह अवतारों में से एक कच्छप अवतार के रूप में जाना जाता है इसलिए आज भी अनेकों मंदिरों में कछुओं के विग्रह विराजमान हैं और लोग उनकी पूजा करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विष्णु सिंह,नितिन सिंह,सागर ,सुंदरम, शिवम, मानवेंद्र सिंह, सोनू सिंह एवं अनुज तिवारी का उल्लेखनीय योगदान रहा।






