बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान मुंबई के हिंदुजा अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान पपराजी उनकी गाड़ी का पीछा करते हुए अस्पताल परिसर तक पहुंच गए और जोर-जोर से आवाजें लगाने लगे। स्थिति तब बिगड़ गई जब अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर भी फोटोग्राफर्स लगातार शोर करते रहे। इस पर सलमान खान ने गुस्से में प्रतिक्रिया दी और उन्हें फटकार लगाई। उन्होंने इशारों में पूछा कि अगर किसी का अपना परिजन अस्पताल में होता तो क्या वे ऐसा व्यवहार करते।
घटना के बाद सलमान खान ने इंस्टाग्राम पर चार पोस्ट शेयर कर अपना गुस्सा जाहिर किया। इन पोस्ट्स में उन्होंने मीडिया और पपराजी के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि वे हमेशा मीडिया के साथ खड़े रहे हैं, लेकिन अगर कोई उनके दुख को कमाई का जरिया बनाएगा तो वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। एक पोस्ट में उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे व्यवहार पर वे “कड़ा जवाब” देंगे। अपने पोस्ट्स में सलमान खान ने साफ कहा कि उम्र बढ़ने के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी लिखा कि वे किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ खड़े रहेंगे, चाहे परिणाम कुछ भी हों। उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई-कुछ लोग उनके समर्थन में आए तो कुछ ने उनके लहजे की आलोचना की। घटना के बाद फैंस दो हिस्सों में बंट गए। एक तरफ लोग सलमान के समर्थन में बोले कि अस्पताल जैसी जगह पर पपराजी को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके बयान को ज्यादा सख्त बताया।





