
प्रतिभावान छात्र छात्राओं का हुआ सम्मान, 14 ने पाया 21- 21 हजार की धनराशि
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण मेधावी छात्रों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन, लखनऊ से आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा एवं सुना गया।
सदर विधायक से ने कहा कि परीक्षा में अनेक विद्यार्थी सम्मिलित होते हैं, लेकिन सम्मान का अवसर उन्हीं को प्राप्त होता है जो कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन के साथ अध्ययन करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो इसे पीता है वही दहाड़ता है। व्यक्ति, परिवार और समाज के उत्थान का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। एक सफल व्यक्ति न केवल अपना बल्कि अपने माता-पिता और आने वाली पीढ़ियों का जीवन भी संवारता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया तथा कहा कि वर्तमान वातावरण युवाओं की प्रगति के लिए अत्यंत अनुकूल है।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिवार, विद्यालय, जनपद एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह निष्पक्ष है और जो विद्यार्थी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करते हैं, वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे व्यक्तित्व का निर्माण करने, सकारात्मक संगति अपनाने तथा समूह अध्ययन (ग्रुप स्टडी) की आदत विकसित करने की सलाह दी।
नवचयनित आईएएस अधिकारी कोमल पुनिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।
समारोह में 14 मेधावी विद्यार्थियों को ₹21-21 हजार की धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य मेधावी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
उक्त कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, हरि नारायण बाजपेई, समस्त जनप्रतिनिधिगण, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण और छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।






