397039

वर्षाजनित रोगों से बचाव के लिए निःशुल्क जांच, औषधि वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान जारी

राष्ट्र पटल संवाद

इटावा। जिलाधिकारी श्री शुभ्रांत कुमार शुक्ल के आदेश एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद विभाग द्वारा लगातार आउटरीच कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। भारी बारिश के बावजूद चिकित्सकीय टीमें गांव-गांव पहुंचकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क औषधि वितरण एवं वर्षा ऋतु में होने वाले रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक कर रही हैं।

राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय 4 शैय्या नगर, इटावा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल कुमार कुशवाहा द्वारा अकालगंज में आयोजित आउटरीच कैंप में मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में सुशील कुमार, सिद्धांत वर्मा (वार्ड बॉय), मुजफ्फर अली एवं अन्य स्थानीय लोगों ने सहयोग प्रदान किया।

डॉ. कमल कुमार कुशवाहा ने बताया कि वर्षा ऋतु में दूषित जल एवं संक्रमण के कारण उल्टी, दस्त, बुखार, त्वचा रोग तथा अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे समय में आयुर्वेद विभाग पूरी तत्परता के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आउटरीच कैंप आयोजित कर लोगों को समय पर उपचार, निःशुल्क औषधियां एवं बचाव संबंधी जानकारी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के मौसम में नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ त्वचा विकारों से बचाव में भी महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त किया जा सकता है। नीम का औषधीय महत्व जनस्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अपनाने, स्वच्छ पानी पीने तथा नियमित योग एवं संतुलित दिनचर्या अपनाने की भी अपील की।

ग्राम जारीखेड़ा में आयोजित आउटरीच कैंप में डॉ. शीलेन्द्र सिंह एवं डॉ. इंदु सिंह ने 104 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क औषधियों का वितरण किया। शिविर में उल्टी, दस्त, बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं त्वचा रोग से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे। योग प्रशिक्षक अनुज यादव ने लोगों को नियमित योगाभ्यास कराया।

डॉ. शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्षा ऋतु में स्वच्छ भोजन, शुद्ध पेयजल और व्यक्तिगत स्वच्छता अपनाकर अधिकांश मौसमी बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *