
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। महेवा क्षेत्र की एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एवं यूट्यूबर पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर दर्ज करने और विधिक कार्रवाई की मांग की।
आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम), ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा तथा इंसानी भाईचारा समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रशासन को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि महेवा निवासी रिचा तिवारी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में मुस्लिम समुदाय के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणियां की गई हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
ज्ञापन के दौरान आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद ने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पूर्व भीम आर्मी कानपुर मंडल प्रभारी एवं इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई ने कहा कि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे को कमजोर करने वाले किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास न करे।
कानपुर मंडल प्रभारी लकी जाटव ने कहा कि सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, लेकिन इसका उपयोग किसी धर्म या समुदाय के प्रति घृणा फैलाने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित वीडियो को इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया, जिसके बाद वह तेजी से वायरल हुआ। संगठनों का आरोप है कि वीडियो में की गई कथित टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भारतीय कानून की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में एफआईआर दर्ज होने अथवा किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई थी। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हैं।
ज्ञापन देने वालों में ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा के जिला अध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद, कानपुर मंडल प्रभारी अभिषेक आज़ाद, लकी जाटव, पूर्व भीम आर्मी कानपुर मंडल प्रभारी एवं इंसानी भाईचारा समिति के अध्यक्ष मोहम्मद आमीन भाई, ऑल इंडिया उलेमा व मशाईख बोर्ड यूनिट इटावा के प्रभारी मोहम्मद अज़ीम मोअज़म, मुराद अली, आशिफ वारिसी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुधीर आज़ाद, गौतम सिंह, मोहित कुमार, संजय खान, शिवम पत्रकार, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में दलित एवं मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।






