
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा। आज नगर वन, इटावा में सोसाइटी फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर के तत्वावधान में एक नेचर वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनमानस, विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को प्रकृति, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
नेचर वॉक के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को नगर वन क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों, पक्षियों तथा अन्य जीव-जंतुओं के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर डॉ बी एन सिंह, डॉ डी के दूबे, डॉ अत्री गुप्ता, डॉ कमल कुशवाहा, सुश्री रश्मि पुरवार, सचिव परिवर्तन समिति श्री संजय सिंह चौहान ने बताया कि प्रकृति के साथ जुड़ना और उसे समझना ही संरक्षण की दिशा में पहला कदम है। नगर वन जैसे हरित क्षेत्र न केवल जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि शहर के पर्यावरण संतुलन और लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित की जा सकती है।
नेचर वॉक में पर्यावरण प्रेमियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रकृति संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।






