
राष्ट्र पटल संवाद
इटावा । पानकुंवर इंटरनेशनल स्कूल, मानिकपुर मोड़, ग्वालियर बाईपास, इटावा में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का समापन समारोह अत्यंत भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एडीआईओएस डॉ. मुकेश कुमार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में एच.एन. पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्री पवन यादव, सचिन जी एवं शूटिंग चैंपियन राहुल तोमर जी के नेतृत्व में एकलव्य शूटिंग क्लब के राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग चैंपियन प्रेमपाल सिंह शामिल रहे।
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती पूजन, अतिथि सत्कार एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों के प्रदर्शन से हुई। समर कैंप के दौरान बच्चों ने योग, कला एवं शिल्प, शूटिंग, कंप्यूटर शिक्षा तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। विद्यार्थियों ने योग कार्यशाला में सीखी गई विभिन्न योग मुद्राओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
आर्ट एंड क्राफ्ट गतिविधि के अंतर्गत बच्चों द्वारा निर्मित सुंदर कलाकृतियाँ अतिथियों को भेंट की गईं। वहीं शूटिंग प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। समर कैंप के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही समर कैंप में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव एवं प्रधानाचार्य अरविंद कुमार तोमर भी उपस्थित रहे। उन्होंने समर कैंप को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करते हैं।
मुख्य अतिथि डॉ. मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों ने इस समर कैंप के माध्यम से पुस्तकीय ज्ञान के अतिरिक्त अनेक रचनात्मक एवं व्यावहारिक कौशल सीखे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों को पहचानकर भविष्य में उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, कला, योग एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ भी बच्चों के समग्र विकास में समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करता रहा है और आगे भी करता रहेगा। भव्य समापन समारोह के साथ समर कैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ।






